सिलीगुड़ी,24 मई (नि.सं.)।टीम इंडिया के पूर्व कप्तान व भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष रहे सौरव गांगुली त्रिपुरा के ब्रांड एंबेस्डर बनने जा रहे हैं। त्रिपुरा के पर्यटन मंत्री सुशांत चौधरी ने कोलकाता आकर मंगलवार को सौरव से उनके घर पर मुलाकात की और उनके सामने यह प्रस्ताव रखा, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। इस मुलाकात के दौरान सौरव की त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मानिक साहा से टेलीफोन पर बातचीत भी हुई। बाद में मानिक साहा ने ट्वीट पर कहा-‘यह बेहद गर्व की बात है कि सौरव गांगुली ने त्रिपुरा का ब्रांड एंबेस्डर बनने के हमारे प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। हमें उम्मीद है कि सौरव की भागीदारी से हमारे राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सौरव अगले कुछ दिनों में लंदन जाने वाले हैं। वहां से लौटने के बाद वे त्रिपुरा सरकार के पर्यटन विभाग के साथ इस बाबत करार पर हस्ताक्षर करेंगे। त्रिपुरा पर्यटन पर सौरव को लेकर एक विज्ञापन फिल्म की शूटिंग की जाएगी। उल्लेखनीय है कि सौरव को बंगाल का ब्रांड एंबेस्डर नहीं बनाए जाने पर सवाल उठता रहा है। ममता बनर्जी की सरकार ने पहले बालीवुड अभिनेता शाह रुख खान को अपना ब्रांड एंबेस्डर बनाया। उसके बाद बांग्ला फिल्म अभिनेता व पार्टी सांसद देव को ब्रांड एंबेस्डर नियुक्त किया।
दरअसल सौरव गंगोपाध्याय बंगाली समाज के लिए एक प्रतीक हैं। त्रिपुरा सरकार उनकी लोकप्रियता का फायदा उठाना चाहती है। सौरव का त्रिपुरा सरकार के प्रस्ताव पर सहमत होना भी काफी महत्वपूर्ण है। महाराज को लेकर लंबे समय से राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे थे। उनके मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्रीय गृह मंत्री के साथ भी अच्छे संबंध हैं। इस बार सौरभ ने त्रिपुरा के प्रस्ताव पर सहमति जताकर अटकलों को और बढ़ा दिया है।