ब्यूरो रिपोर्ट न्यूज़ अड्डा, २४ सितम्बर : निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से 11 दिवसीय विदेश यात्रा पर गईं बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी स्पेन व दुबई के दौरे के बाद शनिवार शाम कोलकाता वापस लौट आईं। मुख्यमंत्री शाम करीब 7.50 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंचीं। एयरपोर्ट से बाहर निकलने पर पत्रकारों से बातचीत में ममता ने अपनी विदेश यात्रा को बेहद सफल बताया। ममता ने कहा- आप सभी को बहुत धन्यवाद। हमने इस दौरे में बंगाल के लिए बहुत कुछ काम किया है। हमारे साथ राज्य के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों व कई उद्योगपतियों सहित कोलकाता के प्रमुख फुटबाल क्लब मोहन बागान, मोहम्मडन स्पोर्टिंग और ईस्ट बंगाल के पदाधिकारी भी थे। इस दौरे में राज्य में निवेश से संबंधित कई बड़े करार हुए हैं। ममता ने कहा कि कोलकाता में नवंबर में होने वाले बंगाल ग्लोबल बिजनेस सम्मेलन (बीजीबीएस) से पहले मैड्रिड, बार्सिलोना और दुबई में उद्योगपतियों के साथ बहुत अच्छी बैठकें हुईं। उन्हें सम्मेलन में आने के लिए आमंत्रित किया और विदेशी प्रतिनिधिमंडल बीजीबीएस में आएंगे। ममता ने फिक्की, इंडियन चैंबर आफ कामर्स (आइसीसी), सीआइआइ के साथ भारतीय दूतावासों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने स्पेन व दुबई में बैठकें आयोजित करने में मदद की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतना सफल कार्यक्रम व दौरा पहले कभी नहीं देखा। जो प्रवासी भारतीय या बंगाली हैं वे भी बहुत खुश हैं। मुख्यमंत्री ने देर शाम एक्स पर एक पोस्ट के जरिए भी सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा- ‘स्पेन और दुबई से निवेश और साझेदारी के गंभीर प्रस्तावों के साथ कोलकाता वापस लौटी हूं। सभी का धन्यवाद। जय विश्व बांग्ला,जय हिन्द।
बता दें कि ममता 12 सितंबर को स्पेन व दुबई के आधिकारिक दौरे पर रवाना हुई थीं। उनके साथ राज्य के मुख्य सचिव हरिकृष्ण द्विवेदी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं उद्योगपतियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी गया था। ममता ने पहले स्पेन में करीब एक हफ्ते बिताया। इसके बाद वह गुरुवार सुबह दुबई पहुंचीं थीं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी स्पेन की राजधानी मैड्रिड में ममता के दौरे में शामिल हुए थे। सौरव ने वहां से बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के शालबनी में एक इस्पात कारखाना लगाने की भी घोषणा की थी।